बाराबंकी में बिजली विभाग की लापरवाही से लंगूरी बंदर की मौत, 5 फीट पर लटक रहे एचटी तार
हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। बिजली विभाग की लापरवाही से निर्दोषों की जान पर बन आई है। साढ़े पांच मीटर के बजाए पांच फीट पर लटक रहे हाईटेंशन लाइन के तार से चिपक कर एक लंगूरी बंदर की मौत हो गई, जबकि कुछ ही दिन पूर्व एक व्यक्ति की जान जाते जाते बची। खास बात यह कि एक साल से तार को ऊंचा करने का काम लटका हुआ है। घटना का जिक्र करने पर अफसर बोले, कल तार ऊंचा करा दिया जाएगा।
बताते चलें कि कस्बा के पूरे मित्तई वार्ड से होकर लिल्हौरा माइनर पटरी गुजरी है। इसके आस पास जंगल झाड़ी लगा हुआ है। करीब एक सप्ताह पूर्व एक व्यक्ति हरा बांस लेने गया था, वापस लौटते समय बांस काफी नीचे लटक रहे हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से वह काफी झुलस गया हालांकि उसकी जान बच गई।
सोमवार को इसी तार से चिपक कर एक लंगूरी बंदर की दर्दनाक मौत हो गई। इस तार के काफी नीचे लटकने से बराबर खतरा बना हुआ है। विभागीय नियम की बात करें तो हाईटेंशन लाइन के तार की ऊंचाई साढ़े पांच मीटर होनी चाहिए लेकिन यह तार केवल पांच फीट ऊंचाई पर लटका हुआ है।
अब बात करें विभागीय प्रयास की तो बताया गया कि करीब एक साल पहले टीम नए खंभे लगाकर तार खींचने गई थी लेकिन विरोध के चलते काम नहीं हाे सका। बंदर के मरने की घटना बताने पर जवाब मिला कि तार नीचे लटकने की जानकारी है, इसे कल यानी मंगलवार मैनुअली सही करा दिया जाएगा। अधिशाषी अभियंता रमेश कुमार का कहना है कि बंदर के मरने की जानकारी मिली है, कल कैसे भी तार ऊंचा करवा दिया जाएगा।
