SRN अस्पताल में अव्यवस्था : मां को गोद में लेकर इलाज कराने पहुंची बेटी, घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिला स्ट्रेचर
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बदहाली उस समय सामने आई, जब एक बेटी अपनी बुजुर्ग मां को गोद में लेकर इलाज कराने पहुंची। यह दृश्य अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों के लिए भी भावुक कर देने वाला रहा।
बादलगंज क्षेत्र निवासी राजाराम अपनी बेटी के साथ पत्नी (60) को पीठ दर्द के इलाज के लिए अस्पताल लाए थे। घर में गिरने से महिला को गंभीर चोट आई थी और वह पैरों पर खड़ी होने की स्थिति में नहीं थीं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में स्ट्रेचर और व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं कराई गई।
राजाराम ने बताया कि उनकी बेटी ने अस्पताल कर्मचारियों से स्ट्रेचर की मांग की, लेकिन उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि जब कोई मरीज लौटेगा तब स्ट्रेचर मिलेगा। करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बाद थक-हारकर बेटी ने अपनी मां को गोद में उठाया और अस्थि रोग विभाग की ओपीडी की ओर दौड़ पड़ी।
उन्होंने बताया कि बेटा बाहर नौकरी करता है, इसलिए पिता और बेटी ही मां को इलाज के लिए लाए थे। अस्पताल में यह स्थिति देखकर वे बेहद आहत हैं। बताया जाता है कि स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के ट्रामा सेंटर और ओपीडी में प्रतिदिन हजारों मरीज पहुंचते हैं।
स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की संख्या कम होने के कारण तीमारदारों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और अधिकांश मरीजों को यह सुविधा नहीं मिल पाती। पहले मोबाइल जमा करने पर स्ट्रेचर मिलता था, जबकि अब पहचान पत्र जमा करने का नियम लागू किया गया है, लेकिन पर्याप्त संसाधन न होने से समस्या बनी हुई है।
