रायबरेली में बड़ा हादसा : ट्रेलर-पिकअप टक्कर में तीन की दर्दनाक मौत
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा लालगंज क्षेत्र के पूरे बढ़ई गांव के पास हुआ, जहां गिट्टी से लदे ट्रेलर और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि के बाद हुई इस टक्कर में पिकअप सवार तीनों व्यक्तियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान रोहित कुमार (25), विपिन सरोज (35) और अखिलेश सरोज (44) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों अलग-अलग स्थानों के निवासी थे और एक साथ यात्रा कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिट्टी से लदा ट्रेलर लालगंज की ओर से आ रहा था, तभी सामने से आ रही पिकअप से उसकी भिड़ंत हो गई। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
