होली पर रोडवेज की बड़ी तैयारी: निर्बाध रात्रिकालीन बस सेवाएं होंगी संचालित, इन रूटों पर चलने के निर्देश
लखनऊ, अमृत विचारः होली पर्व 2 व 4 मार्च को मनाये जाने के दृष्टिगत यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने 28 फरवरी से 9 मार्च तक विशेष संचालन योजना लागू करने के निर्देश जारी किये हैं। इस अवधि में यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ क्षेत्र के विभिन्न डिपो से अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
लखनऊ क्षेत्र के चारबाग, अवध, कैसरबाग (निगम एवं अनुबंधित), रायबरेली, हैदरगढ़, उपनगरीय, बाराबंकी व आलमबाग डिपो से कुल 1003 बसें आवंटित की गई हैं। इसके अतिरिक्त 50 बसें आकस्मिकता प्रबंधन के लिए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के अधीन आरक्षित रहेंगी। निगम बसों और अनुबंधित बसों का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। दिल्ली, जयपुर, हरिद्वार, देहरादून सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष फोकस
होली के मद्देनज़र लखनऊ से कौशाम्बी/आनंद विहार, जयपुर, हरिद्वार, देहरादून, वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, बहराइच, गोण्डा, कानपुर, आगरा-मथुरा (एक्सप्रेस-वे मार्ग), प्रयागराज और रायबरेली जैसे प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। विशेष रूप से लखनऊ-दिल्ली मार्ग पर 47 अतिरिक्त बसों तथा लखनऊ-गोरखपुर मार्ग पर 50 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। लंबी दूरी की बसों को प्रतिदिन लगभग 500 किलोमीटर संचालन के लिए नियोजित किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर बसों पर दो-दो चालकों की नियुक्ति भी की जाएगी, जिससे निर्बाध रात्रिकालीन सेवाएं संचालित हो सकें। सभी बसों को 28 फरवरी से शत-प्रतिशत ऑन रोड रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अवकाश निरस्त, अधिकारियों की 12 घंटे ड्यूटी
प्रोत्साहन अवधि में प्रशासनिक, तकनीकी और स्टेशन साइड के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, चालकों व परिचालकों के अवकाश (अपरिहार्य स्थिति को छोड़कर) निरस्त रहेंगे। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक की संस्तुति पर ही विशेष परिस्थितियों में अवकाश स्वीकृत होगा। सहायक यातायात निरीक्षक प्रतिदिन 12 घंटे ड्यूटी करेंगे।
