नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में बोले ब्रजेश पाठक- महिलाओं को अब उनका हक दे रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी
वाराणसी। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में भाग लेने चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल पहुंचे। उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर महिलाओं ने इसमें बड़ी भागीदारी दिखाई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "आजादी के बाद अब तक महिलाओं को जो हक और अधिकार नहीं मिला था, वह उन्हें आदरणीय मोदी जी अब देने जा रहे हैं।" पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जैसे दलों की आलोचना करते हुए कहा कि इन दलों ने महिलाओं और माताओं-बहनों की उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि ये दल धर्म के आधार पर आरक्षण की बात करते हैं, जबकि भारतीय संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण का कोई प्रावधान नहीं है।

पाठक का कहना था कि ये दल सिर्फ समाज को गुमराह करने और तुष्टिकरण की राजनीति के तहत ऐसे मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के समय में समाजवादी पार्टी के लोगों ने महिला आरक्षण बिल फाड़ दिया था। कांग्रेस की भी कभी इस बिल को पास कराने की मंशा नहीं थी। वे केवल लालच देकर महिलाओं को उलझाए रखना चाहती थीं।
ब्रजेश पाठक ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता के कारण अब देश की आधी आबादी को उनका हक मिलेगा। महिलाएं संसद और विधानसभाओं में खुद अपना हक और कानून बना पाएंगी, जिससे विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने अपील की कि महिला आरक्षण को राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाए। देश की आजादी के बाद यह बहुत बड़ा और ऐतिहासिक कदम होगा।
