UP: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टैंपो में मारी टक्कर, महिला की मौत, पांच घायल
टांडा, अमृत विचार। भगतपुर थाना क्षेत्र के मलहूपुरा के पास शुक्रवार देर रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सवारियों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य और ऑटो चालक घायल हो गए। परिवार एक समारोह से खुशियां मनाकर लौट रहा था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार टांडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लम्बापुरी सूरजपुर निवासी उस्मान का परिवार शुक्रवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दौलपुरी (थाना भगतपुर) गया था, जहाँ शनिवार को शादी होनी है। देर रात वापसी के दौरान, जैसे ही उनका ऑटो मलहूपुरा के नजदीक पहुंचा, एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने बिलकीस 55 पत्नी उस्मान को मृत घोषित कर दिया वहीं आयशा, रिहाना पुत्री उस्मान, मरजीना पत्नी मुबश्शर अली, बिलकीस की भांजी मुनीफा और ऑटो चालक अब्दुल करीम को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से घर भेज दिया। बिलकीस की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक महिला अपने पीछे तीन बेटियां और चार बेटे छोड़ गई है।
