यूपी में साइबर सिंघम की फौज तैयार .... 500 फॉरेंसिक एक्सपर्ट से 75 जिलों में तकनीक आधारित जांच को मिलेगी नई धार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अपराध नियंत्रण के लिए अब पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक जांच को बड़े पैमाने पर लागू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में 'साइबर सिंघम' की एक सशक्त फौज तैयार की जा रही है, जो अपराधियों पर शिकंजा कसने में अहम भूमिका निभाएगी। इस दिशा में उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) में बड़े स्तर पर क्राइम सीन एक्सपर्ट तैयार किए जा रहे हैं। 

पांच चरणों में 500 विशेषज्ञों को प्रशिक्षित करने की योजना के तहत अब तक 300 एक्सपर्ट तैयार किए जा चुके हैं, जबकि शेष दो बैचों का प्रशिक्षण जल्द पूरा होगा। इस पहल की खास बात यह है कि प्रशिक्षित अधिकारी अपने-अपने जिलों और कमिश्नरेट में जाकर अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रशिक्षित करेंगे। इससे पूरे प्रदेश में फॉरेंसिक पुलिसिंग की मजबूत श्रृंखला विकसित होगी। 

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में ये एक्सपर्ट वर्कशॉप आयोजित कर आरक्षी से लेकर निरीक्षक स्तर तक के पुलिसकर्मियों को क्राइम सीन मैनेजमेंट, साइबर फॉरेंसिक और डिजिटल साक्ष्य संरक्षण की बारीकियां सिखाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीकों जैसे डिजिटल एविडेंस प्रिजर्वेशन, साइबर ट्रैकिंग, वैज्ञानिक सैंपलिंग और फॉरेंसिक विश्लेषण की गहन जानकारी दी जा रही है।

इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि घटनास्थल पर पहुंचते ही हर पहलू को सटीक तरीके से सुरक्षित और विश्लेषित किया जा सके। संस्थान के संस्थापक निदेशक डॉ. जी.के. गोस्वामी के अनुसार, तीन बैचों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि चौथा बैच 27 अप्रैल से शुरू होगा। 

इसके बाद पांचवें चरण में सभी विशेषज्ञ तैयार कर लिए जाएंगे, जो प्रदेशभर में पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे। राज्य सरकार की इस पहल से उत्तर प्रदेश में फॉरेंसिक आधारित पुलिसिंग को नई धार मिलने की उम्मीद है। यह कदम प्रदेश को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और मजबूत कानून-व्यवस्था वाले राज्य के रूप में और सुदृढ़ करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। 

ये भी पढ़ें : 
बाबा को नहीं सताएगी गर्मी .... अक्षय तृतीया पर श्री काशी विश्वनाथ में शुरू होगी फव्वारा व्यवस्था 

 

 

 

संबंधित समाचार