'सास-बहू' के तंज पर स्मृति ईरानी ने दी अखिलेश यादव को चुनौती, कहा- दम है तो गोरखपुर से चुनाव लड़ कर दिखाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

वाराणसी। संसद में महिला आरक्षण बिल को लेकर छिड़ी बहस के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 'सास-बहू' के तंज पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद स्मृति ईरानी ने पलटवार करते हुये उन्हे गोरखपुर से चुनाव लड़ने की चुनौती दे डाली।

स्मृति ईरानी ने कहा, "विरासत की राजनीति करना आसान होता है। अगर इतना दम-खम रखते हैं तो अपनी पैतृक सीट छोड़कर गोरखपुर से चुनाव लड़कर दिखायें। हमने तो कामकाजी महिला होते हुए किसी और के गढ़ में परचम गाड़ा। कांग्रेस के अध्यक्ष को उनके गढ़ में हराया।"

 उन्होंने कहा, "33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लागू करना स्पष्ट है। कामकाजी महिला पर टिप्पणी करना आसान होता है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्होंने खुद कभी नौकरी नहीं की। आप हम जैसे लोग भी टैक्स भरते हैं, इसलिए नहीं कि सदन में सास-बहू की बात हो। संसद जाकर संसदीय कार्यवाही पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।" स्मृति ईरानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उनका विपक्ष में रहना तय है।

उन्होंने कहा, "संसद में गृह मंत्री जी ने उठाए गए प्रश्नों का जवाब दिया है। विपक्ष को क्या संविधान पर विश्वास नहीं है? परिसीमन को लेकर विस्तार की मांग पहले विपक्ष की ही थी, अब सदन में कुछ और बोल रहे हैं। विपक्ष क्या रुख अपना रहा है, यह देश की जनता देख रही है।" शुक्रवार को स्मृति ईरानी 'नारी शक्ति वंदन' कार्यक्रम में हिस्सा लेने काशी पहुंची थीं। 

संबंधित समाचार