Bareilly : अग्निवीर भर्ती रैली 11 से, 12 जनपदों के हजारों अभ्यर्थी होंगे शामिल
जाट रेजिमेंट केंद्र परिसर सभागार में तैयारियों के संंबंध में संयुक्त बैठक आयोजित
बरेली, अमृत विचार। जाट रेजिमेंट केंद्र परिसर में 11 से 23 मार्च तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। इसमें बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर सहित 12 जनपदों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के अंतर्गत होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। जाट रेजिमेंट केंद्र परिसर के सभागार में गुरुवार को तैयारियों के संबंध में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। इसमें हजारों नौजवानों के बरेली आने के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके मद्देनजर रणनीति बनायी गयी। एडीएम सिटी ने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने और प्रत्येक व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने कहा कि अभ्यार्थियों की सुविधा के ध्यान में रखते हुए पेयजल, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराएं। भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखें। परिवहन विभाग को यातायात सुचारु रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए समुचित व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम को तैयार रहने के निर्देश दिए। नगर विकास से संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई। सेना के अधिकारी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण माहौल से संपन्न कराई जाएगी। अभ्यार्थियों से समय पर पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ लाने और अफवाहों एवं दलालों से दूर रहने की अपील की गई हैं।
बैठक में सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक, पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम सहित जिला प्रशासन व सेना के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर चल रही तैयारियों का भी निरीक्षण किया। अग्निवीर भर्ती रैली में बरेली, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं के हजारों अभ्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
अभ्यर्थी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर साथ रखें
सेना भर्ती के निदेशक ने अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि सभी अभ्यर्थी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर साथ रखें एवं सभी जरूरी कागजात अवश्य लेकर आएं। किसी कारणवश किसी भी अभ्यर्थी का उन्हें पंजीकृत ई-मेल आईडी पर भेजा गया रैली एडमिट कार्ड यदि डाउनलोड नहीं हो रहा है तो वह सेना भर्ती कार्यालय बरेली में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच संपर्क कर सकता है।
ये अग्निवीर भर्ती रैली का शेड्यूल
अग्निवीर भर्ती रैली के कार्यक्रम के अनुसार 11 मार्च को अग्निवीर (टेक्निकल) सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए और 12 मार्च को अग्निवीर (ट्रेड्समैन आठवीं एवं दसवीं) सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए एवं अग्निवीर (क्लर्क/ एसकेटी) सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए होगी। इसके साथ 13 मार्च को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी, 14 मार्च को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) शाहजहांपुर और सीतापुर, 15 मार्च को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) संभल और पीलीभीत, 16 मार्च को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) हरदोई, 17 मार्च को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) फर्रुखाबाद, 18 मार्च को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बदायूं व 19 मार्च को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बरेली जिले के अभ्यर्थियों के लिए रैली आयोजित की जाएगी।
