Shine City Scam: यूपी से फरार आर्थिक अपराधी राशिद नसीम यूएई में गिरफ्तार, ED के अनुरोध पर हुई कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज किए गए निवेश धोखाधड़ी मामले में वांछित भगोड़े आर्थिक अपराधी राशिद नसीम को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

लखनऊ स्थित विशेष धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने पिछले साल अप्रैल में रियल एस्टेट फर्म शाइन सिटी समूह के प्रवर्तक नसीम को भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम (एफईओए) के तहत अपराधी घोषित किया था। यह जांच धनशोधन रोकथाम के एक मामले से संबंधित है।

नसीम और लखनऊ स्थित शाइन सिटी समूह की कंपनियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज किए गए 554 मामलों का संज्ञान लेने के बाद ईडी ने इस मामले में जांच शुरू की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि धोखाधड़ी वाली रियल एस्टेट योजनाओं और 'मल्टी-लेवल मार्केटिंग' के माध्यम से उच्च मुनाफे के वादे के साथ 800-1000 करोड़ रुपये की धनराशि एकत्र की गई। अधिकारियों ने बताया कि यूएई अधिकारियों ने नसीम को दुबई में गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा कि जनवरी 2026 में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने उसके खिलाफ यूएई के अधिकारियों को एक डोजियर सौंपा था। अधिकारियों ने कहा कि इस फाइल में भारत में उसके खिलाफ चलाई गई पीएमएलए और एफईओए की कार्यवाही का विवरण था।

इससे पहले जारी एक बयान में एजेंसी ने कहा था कि नसीम ने ''जानबूझकर'' जांच से बचने की कोशिश की और समन जारी होने के बावजूद पेश नहीं हुआ, तथा अंततः वह नेपाल के रास्ते भारत से भाग गया और दुबई में रह रहा है। दिसंबर 2025 में, लखनऊ की अदालत ने नसीम के खिलाफ एफईओए की कार्यवाही के तहत उसकी 127.98 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क करने का भी आदेश दिया था।

संबंधित समाचार