त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी... परिवहन मंत्री ने दिए अधिकारियों को निर्देश, 28 फरवरी से 9 मार्च तक चलेंगी अतिरिक्त बसें

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : होली पर आमजन की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने प्रदेशभर में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश मुख्यमंत्री द्वारा परिवहन विभाग-निगम के अधिकारियों के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद जारी किए गए। उन्होंने कहा, त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

परिवहन मंत्री ने शुक्रवार को निर्देश दिए कि बसों की संख्या और फेरों को बढ़ाया जाए, विशेषकर 28 फरवरी से 9 मार्च तक, ताकि यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा मिल सके। लम्बी दूरी की बसों में दो ड्राइवर अनिवार्य होंगे और प्रत्येक रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। परिवहन निगम की सभी बसों में ईटीएम की शतप्रतिशत उपलब्धता अनिवार्य होगी।

उन्होंने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष जांच अभियान चलाने, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट-सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर निगरानी रखने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

साथ ही मंत्री दया शंकर सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी फील्ड में तैनात रहें और आमजन के फोन अवश्य उठाएँ। बस स्टेशनों में शुद्ध खान-पान, निर्धारित पार्किंग, और वैकल्पिक बसों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे होली का पर्व उत्साह और सौहार्द के साथ मनाएं, लेकिन यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।

बैठक में अपर मुख्य सचिव परिवहन अर्चना अग्रवाल, प्रबंध निदेशक परिवहन निगम प्रभु एन सिंह, परिवहन आयुक्त किंजल सिंह और विशेष सचिव परिवहन खेमपाल सिंह उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार