Bareilly : डोमिनोज पिज्जा, राज स्वीट्स में मिलावट का शक, छापा मारकर भरे नमूने

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में मिलावट के शक में प्रतिष्ठानों पर छापामारी अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को टीमों ने डीडीपुरम स्थित डोमिनोज पिज्जा, राज स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान पनीर, पिज्जा, कचौड़ी, नमकीन मठरी समेत सात खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त और डीएम के आदेश पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय पर रोकथाम लगाने के उद्देश्य से मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सुभाषनगर में राज स्वीट्स से कचौड़ी, इन्द्रानगर की पाल आटा चक्की से सरसों तेल, साहूकारा स्थित सत्य सॉई मिल्क बार से खोया , तुलाशेरपुर स्थित नरेश किराना स्टोर से नमकीन मठरी, लिंकर रोड रहपुरा चौधरी स्थित वीरेश कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना भरा। 

डीडीपुरम स्थित डोमिनोज पिज्जा से पनीर और पिज्जा का नमूना लिया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

संबंधित समाचार