अयोध्या में रेलवे ट्रैक पर बढ़ाई गई गश्त: चलती ट्रेन पर रंग-कीचड़ फेंकने वालों से सख्ती से निपटेगी रेलवे पुलिस, सहयोग की अपील
अयोध्या, अमृत विचार। होली के पर्व पर चलती ट्रेनों पर रंग, कीचड़ या पत्थर फेंकने की घटनाओं को लेकर रेलवे पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। आरपीएफ व जीआरपी की टीमें लगातार गश्त कर लोगों से सहयोग करने की अपील कर रही है। अयोध्या में रेलवे ट्रैक के आसपास रेलवे पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है।
ट्रेनों पर रंग, कीचड़ या अन्य वस्तुएं फेंकने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। ऐसे कृत्य न केवल यात्रियों की जान को खतरे में डालते हैं, बल्कि रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं।
इसको लेकर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीमें ट्रैक किनारे बसे गांवों और बस्तियों के निवासियों से अपील कर रही है कि वह ऐसी घटनाओं को तुरंत सूचना दें और सहयोग करें। स्थानीय लोगों को जागरूक करने के लिए पंफलेट भी बांटे जा रहे हैं लोगों से मिलकर उनसे कहा जा रहा है कि बच्चे और युवा रेलवे ट्रैक के पास होली न खेलें या कोई जोखिम भरा कार्य न करें।
अयोध्या कैंट आरपीएफ थाना प्रभारी हरीश साही ने बताया कि चलती ट्रेनों पर रंग, कीचड़ या पत्थर फेंकने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी घटना देखने पर तुरंत 139 या रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दें।
