ALERT: 42 दिन होगी कानपुर पुल की मरम्मत, 56 ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, देखें पूरी लिस्ट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर कानपुर पुल पर मरम्मत का कार्य के लिए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल प्रशासन ने 2 मार्च से 13 अप्रैल तक मेगा ट्रैफिक व पावर ब्लॉक घोषित किया है। इसके चलते 42 दिनों तक सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक कुल 56 ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।

सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि 64701/02 झांसी-लखनऊ-झांसी मेमू, 54153/44 कानपुर-रायबरेली पैसेंजर, 64212 कानपुर-लखनऊ मेमू, 64255 उतरेटिया-कानपुर मेमू, 54101/02 प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर, 54325/26 सीतापुर-कानपुर पैसेंजर, 55345 लखनऊ-कासगंज पैसेंजर, 64203 व 64214 लखनऊ-कानपुर मेमू समेत 14 ट्रेनों को निरस्त किया गया है।

इसके अलावा लखनऊ तक आने-जाने वाली 10 ट्रेनें कानपुर से ही संचालित की जाएंगी। इनमें 12179/80 आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी, 12103/04 पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस, 22121/22 लखनऊ-एलटीटी एक्सप्रेस और 11109/10 झांसी-लखनऊ इंटरसिटी ट्रेनें शामिल हैं। 54335/36 बालामऊ-कानपुर पैसेंजर उन्नाव तक ही चलेगी। 12107 एलटीटी-सीतापुर एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल से 210 मिनट की देरी से रवाना होगी।

इसके अलावा नई दिल्ली-लखनऊ जंक्शन शताब्दी एक्सप्रेस, आनंदविहार-अयोध्या वंदे भारत, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल, डिब्रूगढ़-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल, कविगुरु एक्सप्रेस और बांद्रा-लखनऊ एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलाई जाएंगी और कानपुर नहीं आएंगी। कई लंबी दूरी की ट्रेनें लखनऊ मार्ग से नहीं गुजरेंगी, जिनमें आगरा कैंट-कोलकाता एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस और अंत्योदय एक्सप्रेस सहित 20 ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

संबंधित समाचार