Bareilly: धूमधाम से निकली ऐतिहासिक राम बरात, हुरियारों ने खूब उड़ाया अबीर-गुलाल
बरेली, अमृत विचार। शहर में होली पर निकलने वाली ऐतिहासिक राम बरात की सोमवार को धूम रही। 166वीं राम बरात में हुरियारों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया। वहीं बरात में रथ पर भगवान श्री राम और लक्षमण के स्वरूप शोभामान रहे। जिनकी एक झलक पाने के लिए सड़क किनारे खड़े लोगों का उत्साह भी देखने लायक था।
रामबरात नरसिंह मंदिर मलकपुर से शुरू होकर बिहारीपुर ढाल, घंटाघर, कोतवाली, रोडवेज, कालीबाड़ी, श्यामगंज, मटकी चौकी, शिवाजी मार्ग, बड़ा बाजार, किला, सिटी सब्जी मंडी होते हुए ब्रह्मपुरी नरसिंह मंदिर पर समाप्त हुई। रामबरात का जगह-जगह स्वागत किया गया।
हालांकि शहर की ऐतिहासिक राम बरात और नरसिंह भगवान की शोभायात्रा के घंटाघर पर मिलन होने के बाद जबर्दस्त तरीके से होने वाली रंगों की मोर्चाबंदी इस बार देखने को नहीं मिली। विशाल मेहरोत्रा ने बताया कि चंद्रग्रहण की वजह से एक दिन पहले रामबरात को सोमवार को निकाला गया। वहीं, चाहवाई से निकलने वाली भगवान नरसिंह की शोभा यात्रा मंगलवार को निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि जगह-जगह लोगों ने राम बरात की आरती की।
नरसिंह भगवान शोभा समिति के अध्यक्ष विजय शर्मा ने बताया कि नरसिंह भगवान विराट रूप हैं, सारे ग्रह उनके अधीन होते हैं। हमने विद्धानों से भी जानकारी की थी। उन्होंने भी कहा कि इसमें कोई भी फर्क नहीं पड़ेगा।
शहर में सोमवार को निकलने वाली राम बरात को लेकर पुलिस पूरी तरीके से अलर्ट रही। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि राम बरात में सुरक्षा के लिहाज से पांच सीओ, पांच इंस्पेक्टर, 108 हेड कॉन्स्टेबल, 16 महिला सिपाही समेत एक कंपनी पीएसी को सुरक्षा के लिहाज से तैनात किया गया।
बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को रिजर्व में रखा गया है। पुलिस अधिकारी भी राम बरात के रूट पर नजर रखकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखाई दिए। एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि शहर के थानों की फोर्स पूरी तरह मुस्तैद है। लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
