Bareilly: होली स्पेशल ट्रेनें नाकाफी...शौचालय में सफर करने को मजबूर यात्री
बरेली, अमृत विचार। रेल प्रशासन दावा कर रहा है कि दर्जनों स्पेशल ट्रेनें होली के मौके पर चलाई जा चुकी हैं। मगर यात्रियों के लिए रेलवे के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। जिसका एक नजारा सोमवार को बरेली जंक्शन पर देखने को मिला। आलम ये था कि यात्री शौचालय के अंदर बैठकर सफर करते नजर आए।
जंक्शन पर दोपहर करीब 40 मिनट की देरी से आई अवध असम एक्सप्रेस में यात्रियों की हालत खस्ता नजर आई। यात्री वैभव ने बताया कि जिस ट्रेन से जा रहे थे वो निरस्त हो गई, उन्हें पश्चिम बंगाल जाना है लिहाजा अवध-असम एक्सप्रेस से जाना तय किया मगर इस ट्रेन में इतनी भीड़ है कि चढ़ने की हिम्मत नहीं हो रही।
ट्रेन के अंदर ठुसे यात्रियों का कहना था कि इस तरह सफर करना नहीं चाहते लेकिन अब त्योहार पर घर जाना है तो थोड़ा एडजस्ट करना ही पड़ेगा। यात्री ने कहा कि तकलीफ नहीं हो इसके लिए रेल प्रशासन को ट्रेनों के अंदर अतिरिक्त कोच लगाने चाहिए।
सोमवार को बरेली जंक्शन पर लगभग सभी ट्रेनों में भीड़ देखने को मिली। अवध असम एक्सप्रेस के अलावा हिमगिरी एक्सप्रेस, सियालदह एक्सप्रेस में चढ़ने उतरने और ट्रेन में अपनी सीट पाने के लिए यात्री एक दूसरे से धक्का-मुक्की करते नजर आए।
