UP: 85 घंटे बाद बिना कोई दस्तावेज लिए फैक्ट्रियों से निकली आयकर टीम वापस लौटी
रामपुर, अमृत विचार। आयकर विभाग दिल्ली की टीम थाना गंज क्षेत्र के बगी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एमएन इंडस्ट्री के नाम की दोनों प्लाईवुड फैक्ट्रियों से रविवार देर रात दिल्ली रवाना हो गई। करीब 85 घंटे सर्वे के बाद आयकर टीम फैक्ट्री से निकल गई। फैक्ट्री संचालकों के करीबी की माने तो उन्हें टैक्स से संबंधित कोई खामी नहीं मिली है। इसके बाद अधिकारी बिना किसी दस्तावेज लिए फैक्ट्री से निकल गए।
दिल्ली में एक फर्म को माल देने की निशानदेही पर आयकर टीम ने गुरुवार सुबह 10 बजे सर्वे शुरू किया था। दोनों फैक्ट्री मुरादाबाद के पूर्व सांसद और सपा नेता एचटी हसन के समधी नईम खां उर्फ बब्लू और उनके पार्टनर मुनन खां की हैं। इनमें एमएन इंडस्ट्री, एसआई और एनजी फर्म के नाम से प्लाईवुड बनता है। आयकर विभाग दिल्ली की टीम ने गुरुवार सुबह दस बजे दोनों फैक्ट्री में सर्वे शुरू किया था। गुरुवार से लेकर रविवार रात करीब 11 बजे तक आयकर की टीम का सर्वे पूरा हुआ।
रविवार देर रात तक टीम प्लाईवुड फैक्ट्री में मौजूद है और छानबीन जारी रखी। ऐसे में आयकर विभाग की टीम को टैक्स चोरी से संबंधित कुछ मामला नहीं मिलने के संकेत मिले हैं। हालांकि इसके लिए आधिकारिक बयान के बाद ही मालूम होगा। नईम खान उर्फ बब्लू और मुनन खां शहर के रसुखदार माने जाते हैं और लकड़ी के बड़े और पुराने कारोबारियों में उनका नाम आता है
। गुरुवार को दोनों के आवासों पर भी छानबीन की थी, लेकिन शुक्रवार को घरों से आयकर विभाग की टीम चली गई थी। आयकर विभाग दिल्ली की टीम करीब 10 से ज्यादा गाड़ियों में नईम खां उर्फ बब्लू व पार्टनर मुनन खां की दोनों प्लाईवुड फैक्ट्री पहुंची थी। इसके साथ एक टीम मोहसिन ए आजम कॉलोनी स्थित नईम खान व शौकत अली रोड स्थित मुनन खां के आवासों पर पहुंची थी। टीम कारोबारी के वित्तीय लेनदेन, कंप्यूटर, खातों की गहनता से जांच की।
