बाराबंकी में बवाल: होली खेलने को लेकर मारपीट, 11 लोग घायल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी। बाराबंकी जिले के थाना देवा क्षेत्र के ग्राम टिकरिया में बुधवार दोपहर होली के दिन रंग खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच करीब 10 मिनट तक जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे कुल 11 लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि रंग खेलने को लेकर कहासुनी हुई, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में तब्दील हो गई। 

पुलिस ने बताया कि एक पक्ष से आठ लोग घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से तीन लोगों को चोटें आई हैं। गांव के पीड़ित अवधेश ने आरोप लगाया कि जब उनके घर पर कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था, तब दूसरे पक्ष के लोग घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि जब वह और अन्य लोग बचाव के लिए पहुंचे तो उन्हें भी बेरहमी से पीटा गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। देवा थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें :
Encounter: आजमगढ़ में गोतस्कर-हिस्ट्रीशीटर से मुठभेड़ .... 4 शातिर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और गोकशी के उपकरण बरामद
 

संबंधित समाचार