वाराणसी में भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी और अखिलेश यादव के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
वाराणसी। महिला आरक्षण संशोधन विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर संसद से सड़क तक हंगामा मचा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला मोर्चा से जुड़ी महिलाओं ने बुधवार को 'जन आक्रोश महिला पदयात्रा' निकाली। इस पदयात्रा में महिलाओं ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने राहुल गांधी का पुतला भी फूंका।
नई सड़क से पदयात्रा निकालते हुए आक्रोशित महिलाएं लहुराबीर पहुंचीं। हाथों में तख्तियां और विपक्ष के खिलाफ गूंजते नारों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र की पूजा दीक्षित ने बताया कि समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस और टीएमसी ने मिलकर बिल को पास होने नहीं दिया।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव की महिला विरोधी नीतियां जनता के सामने आ गई हैं। यह बिल देश में महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी को तय करता, लेकिन विपक्ष शुरू से ही महिला विरोधी नीतियों के लिए जाना जाता है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) ने संसद के भीतर महिलाओं के विरुद्ध मोर्चा खोले रखा। देश की कोई भी नारी इसे बर्दाश्त नहीं कर सकती।
