वाराणसी : प्रधानमंत्री मोदी 'सोवा रिग्पा' अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का भी करेंगे उद्घाटन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित काशी आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन और महिला मोर्चा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इनमें केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में बने 'सोवा रिग्पा' अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण भी उनके द्वारा किया जाएगा। 

वहीं दूसरी ओर भाजपा की जिला व महानगर इकाइयों ने महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई है। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि ने बताया कि सारनाथ स्थित केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में बने 'सोवा रिग्पा' अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री जी द्वारा किया जाएगा, जिसे लेकर तैयारी अंतिम चरण में हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी और पूर्वांचल समेत कई राज्यों के नागरिकों के लिए सारनाथ में निर्मित सोवा रिग्पा अस्पताल की सौगात देंगे। इस अस्पताल में प्राचीन तिब्बती चिकित्सा पद्धति से उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। आयुर्वेद से मिलती-जुलती इस चिकित्सा पद्धति का लाभ मिलना काशी के लिए एक नया अनुभव होगा।

सोवा रिग्पा अस्पताल में ओपीडी, कंसल्टेंट रूम, ज्योतिष आधारित परामर्श, एक विशाल प्रतीक्षालय, अत्याधुनिक आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी), गहन चिकित्सा इकाई , ऑपरेशन थिएटर, थेरेपी केंद्र, फार्मेसी, कक्षाएँ, पुस्तकालय और लैब समेत कई अन्य आधुनिक सुविधाएँ मिलेंगी। दिलीप पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री 28 अप्रैल की अपराह्न काशी पहुंचेंगे।

वे बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बरेका) में करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे और इसके पश्चात विशाल महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का उस दिन रात्रि विश्राम काशी में ही होगा। वर्ष 2014 से अब तक प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और उनकी सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। 

उन्होंने मातृशक्ति से आह्वान किया कि यह सम्मेलन देशभर में नारी शक्ति का एक बड़ा संदेश देगा। महिला सम्मेलन में 50 हजार से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले की सभी आठ विधानसभाओं में वरिष्ठ पदाधिकारियों को उत्तरदायित्व सौंपा गया है। इसके तहत जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या को रोहनिया, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विनीता सिंह को सेवापुरी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर को अजगरा विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई है। 

वहीं क्षेत्रीय पदाधिकारियों में पूजा दीक्षित को दक्षिणी, खुशबू सिंह को उत्तरी और भाजपा नेत्री निर्मला सिंह पटेल को कैंट विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के अनुसार, मंडलों में बैठकों का क्रम पूरा हो चुका है और अब महिला मोर्चा की टीमें बूथ स्तर पर घर-घर जाकर संपर्क करेंगी और महिलाओं को सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित करेंगी। भाजपा का लक्ष्य इस सम्मेलन को ऐतिहासिक स्वरूप देना है, जिसके लिए संगठन पूरी शक्ति के साथ क्षेत्र में सक्रिय हो चुका है। 

संबंधित समाचार