T20 World Cup 2026 में जीत के बाद वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर टीम इंडिया पहुंची हनुमान मंदिर, जताया भगवान का आभार 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अहमदाबादः टी20 विश्व कप 2026 में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम जश्न के मूड में डूबी हुई है। न्यूजीलैंड पर मिली धमाकेदार जीत के कुछ घंटों बाद ही कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह ट्रॉफी साथ लेकर अहमदाबाद के प्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मंदिर दर्शन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां फैंस इसे 'जीत का सच्चा शुक्रिया' बता रहे हैं।

फाइनल में भारत की धुआंधार जीत

नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255/5 का मजबूत स्कोर बनाया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने 96 रनों से शानदार जीत दर्ज की और टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।

रिकॉर्ड से भरपूर ऐतिहासिक उपलब्धि  

इस जीत के साथ टीम इंडिया ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। भारत पहली टीम बन गई है जिसने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीता। साथ ही, लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर भी इतिहास रचा। यह तीसरी बार है जब भारत ने टी20 विश्व कप ट्रॉफी पर कब्जा किया।

तीसरा आईसीसी टाइटल

2024 से 2026 के बीच भारतीय टीम ने तीसरा आईसीसी खिताब जीतकर विश्व क्रिकेट में अपनी धाक जमाई है। इस दौरान टीम का प्रदर्शन अद्भुत रहा और वह अब सबसे सफल टीमों में शुमार हो चुकी है।

 

संबंधित समाचार