UP: कब्रिस्तान में कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला, वीडियो वायरल हुआ तो पांच पर FIR
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिला के सदर बाजार थाना क्षेत्र के लाला तेली बजरिया स्थित कब्रिस्तान में कुत्ते के साथ क्रूरता करने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जीव सहयोग फाउंडेशन के संस्थापक पीयूष पांडेय की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
तहरीर में बताया गया कि करन नाम के एक बच्चे ने उनसे संपर्क कर घटना की जानकारी दी और एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में कुछ लोग एक कुत्ते के साथ बेरहमी करते दिखाई दे रहे थे। बच्चे ने पूरे मामले में कार्रवाई कराने के लिए मदद मांगी थी।
बताया गया कि सात मार्च को करन अपने कुत्ते को घुमाने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान कुत्ता रस्सी से छूटकर पास के कब्रिस्तान के अंदर चला गया। उस समय कब्रिस्तान के अंदर पहले से पांच लोग मौजूद थे।
आरोप है कि उन लोगों ने कुत्ते को अंदर ही घेर लिया और डंडों से मारना शुरू कर दिया। करन पास की एक छत पर चढ़ गया, जहां से कब्रिस्तान के भीतर हो रही पूरी घटना साफ दिखाई दे रही थी। उसने अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि पांच लोग हाथों में डंडे लिए कुत्ते को मार रहे थे। कुत्ता दर्द से चीखता रहा और बचने के लिए इधर-उधर भागता रहा। जब वह बचने के लिए एक चारपाई के नीचे छिप गया तो आरोपियों ने चारपाई हटा दी। इसके बाद कुत्ते को प्लास्टिक के बोरे में भरकर पीटा गया। आरोप है कि पीटते-पीटते कुत्ते की मौत हो गई और इसके बाद आरोपी उसका शव उठाकर वहां से ले गए। थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि इस मामले में पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
