बाराबंकी : मेधावी छात्राओं का पुरस्कार व फूल मालाओं से हुआ अभिनंदन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। विकासखंड फतेहपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय सरैया मझगवां की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तर प्रदेश 2025-26 में जनपद की मुस्कान पुत्री राधेश्याम, निवासी ग्राम सरैया ने 45वीं रैंक हासिल कर चयनित होने का गौरव प्राप्त किया।

वहीं सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के संयोजन में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा अनुसूचित जाति के मेधावी छात्रों के लिए आयोजित श्रेष्ठा परीक्षा 2026 में शैलेंद्री पुत्री राजेंद्र प्रसाद, निवासी ग्राम सरैया ने आल इंडिया रैंक 983 प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित छात्राओं को कक्षा 9 से 12 तक 4 वर्षों में कुल 48 हजार (एक हजार प्रति माह) की छात्रवृत्ति प्राप्त होगी। मेधावी छात्राओं के सम्मान समारोह में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन अशोक कुमार, सुरेश चंद्र एवं सुशील कुमार, तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय सरैया मझगवां के प्रधानाध्यापक डॉ. राकेश सिंह ने संयुक्त रूप से छात्राओं को मिठाई खिलाकर और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

विद्यालय के शिक्षक सत्यानंद, सरिता सिंह, सहृदयाँकुर नारायण शर्मा, अमित जायसवाल, सबा कमर, आयशा खातून और शिवमंगल ने छात्राओं को फूलमालाएं पहनाकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक भी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार