बाराबंकी पुलिस का जश्र: पुलिस लाइन में उड़ा अबीर-गुलाल, जमकर थिरके खाकी के धुरंधर
बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी जिले में होली के त्योहार को बेहद शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने की बड़ी चुनौती को फतह करने के बाद बृहस्पतिवार को जिले के रणबांकुरों ने जमकर जश्न मनाया। पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित इस भव्य होली समारोह में खाकी का एक अलग ही मानवीय और उल्लासपूर्ण चेहरा नजर आया।
.jpg)
जिले की कमान संभाल रहे पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय और जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अगुवाई में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी। पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के बाद मिली इस मानसिक राहत को पुलिसकर्मियों ने जोशीले गानों और रंगों की बौछार के बीच यादगार बना दिया।
.jpg)
जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फायर ब्रिगेड के टैंकरों से होने वाली रंगों की बारिश रही। जैसे ही टैंकरों से रंगीन पानी की बौछार शुरू हुई पूरा मैदान इंद्रधनुषी रंगों में सराबोर हो गया। डीजे पर बज रहे सुपरहिट गीतों जैसे 'कमरिया करे लपालप', 'यारा रंग बिरंगी नाल' और 'रंग बरसे भीगे चुनरवाली' पर पुलिसकर्मियों का उत्साह सातवें आसमान पर था।
.jpg)
खुद एसपी अर्पित विजयवर्गीय और डीएम शशांक त्रिपाठी भी इस उल्लास से खुद को रोक नहीं पाए और मातहतों के साथ ताल से ताल मिलाकर झूमते नजर आए। अधिकारियों का यह अपनत्व देख पुलिसकर्मियों में भारी उत्साह दिखा, जिससे ड्यूटी की थकान पल भर में घायब हो गई।
.jpg)
इस भव्य आयोजन में एडिशनल एसपी (नॉर्थ) एडिशनल एसपी (साउथ) सीओ सिटी, सीओ सदर समेत जिले के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस लाइन में चारों तरफ सिर्फ अबीर और गुलाल का गुबार दिखाई दे रहा था।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने इस मौके पर सभी पुलिसकर्मियों को सफल ड्यूटी के लिए शाबाशी दी और कहा कि त्यौहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने का श्रेय इन्हीं जवानों की मेहनत को जाता है।
बता दें कि अनुशासन की मर्यादा के बीच भाईचारे और सौहार्द के इस अद्भुत संगम ने यह साबित कर दिया कि खाकी न केवल सुरक्षा देना जानती है बल्कि खुशियों को साझा करना भी उसे बखूबी आता है।
