Bareilly : दरोगा भर्ती परीक्षा 14-15 मार्च को, 32 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल
डीएम ने बैठक कर पारदर्शी परीक्षा कराने के दिए निर्देश
बरेली, अमृत विचार। प्रशासन और पुलिस ने 14-15 मार्च को होने वाली दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर कमर कस ली है। डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्या गुरुवार को बैठक कर परीक्षा की तैयारियां परखीं। निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ परीक्षा ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने कहा है कि चेकिंग और फ्रिस्किंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 19 केंद्रों पर होगी। दो दिन में 32640 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए कैमरे लगाने के साथ पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक कराई जाएगी। प्रत्येक पाली में 8160 परीक्षार्थी शामिल होंगे। हर सेंटर पर एक-एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। परीक्षा के सफल आयोजन को 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 4 रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट व 4 रिजर्व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा से संबंधित ड्यूटी को अच्छे से निर्वहन करने के निर्देश दिए। परीक्षा पूरी सुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ सकुशल सम्पन्न कराएं। किसी प्रकार की शिथिलता न बरतें। सभी अधिकारी अपनी ड्यूटी स्थल पर नियत समय पर पहुंचकर भर्ती बोर्ड के निर्देशों का पालन करना सुनिश्चित करें। सभी केंद्रों की मॉनिटरिंग लखनऊ से होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या हो तो तत्काल अवगत कराएं, जिससे समस्या का समय रहते निराकरण किया जा सकें। महिला अभ्यर्थियों के लिए फ्रीस्किंग के लिए इनक्लोजर सही से बनवा लें। अधिकारियों से कहा कि संवेदनशीलता और सजगता के साथ कार्य करें और अति आत्मविश्वास से बचें।
एसएसपी ने कहा कि किसी भी प्रकार की कोई गलती न होने पाए, इसका विशेष ध्यान रखें। किसी अभ्यर्थी की जगह कोई दूसरा व्यक्ति न आ जाए, इसका विशेष तौर पर ध्यान देना है। सभी अधिकारी एसओपी पर ध्यान देकर ड्यूटी करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र पुलिस प्रभारी आदि मौजूद रहे।
