LPG Cylinder Crisis: चूल्हें पर बन रहे मिड डे मील, LPG संकट के बीच यूपी के स्कूलों ने निकाला विकल्प

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। एलपीजी सिलेंडर संकट की आंच अब परिषदीय विद्यालयों की मध्यान्ह भोजन योजना तक पहुंच गई है। 50 प्रतिशत स्कूलों में सिलेंडर खत्म होने से कहीं चूल्हा सुलग गया है तो कहीं मिड-डे मील बनना ठप हो गया है। इसका प्रभाव अभी और बढ़ने की संभावना है। बताया जा रहा है कि संकट बढ़ा तो मिड-डे मील योजना पर भी गहरा असर पड़ सकता है। हालांकि बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने वैकल्पिक व्यवस्था की बात कही है और जिला आपूर्ति विभाग को पत्र भी भेजा है।

मवई संवाददाता के अनुसार रुदौली विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय उधरौरा, नरौली, खुश्का, जरायलकला, भौली, गौरियामऊ फार्म, दिवाली, जखिया मुहामिदपुर, मुरादाबाद, बिकावल तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय अल्हवाना, जमुनियामऊ, बहरास, इचौलिया सहित कंपोजिट विद्यालय करीमपुर में गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण भोजन लकड़ी पर तैयार किया जा रहा है।

प्राथमिक विद्यालय नरौली के शिक्षक रजनीश मिश्रा ने रुदौली विकास खण्ड के प्रधानाध्यापकों, खण्ड शिक्षाधिकारी एवं ब्लॉक संसाधन केंद्र के कार्मिकों के व्हाट्सएप समूह पर संदेश साझा करते हुए अवगत कराया कि इंडेन गैस सर्विस, वजीरगंज (रुदौली) के प्रबंधक द्वारा बताया गया है कि 11 मार्च को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।

गैस आपूर्ति बाधित होने से एमडीएम संचालन में कठिनाई उत्पन्न हो रही है। उन्होंने भोजन संचालन में असमर्थता जताते हुए खण्ड शिक्षाधिकारी (बीईओ) रुदौली से आवश्यक मार्गदर्शन और समाधान की मांग की है। वहीं पूराबाजार के 20, बीकापुर के 50, सोहावल के 73, मिल्कीपुर के 62, हैरिंग्टनगंज के 54, मया के 52, नगर क्षेत्र के 20 स्कूलों में सिलेंडर समाप्त होने की सूचना है।

इतना ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी इसका प्रभाव पड़ रहा है। मिड-डे मील कदापि प्रभावित नहीं है। संकट है लेकिन समाधान भी किया जा रहा है। लकड़ी के चूल्हें उपयोग में लाए जायेगें। प्रधानों को सहयोग के लिए कहा गया है।-लालचंद,बीएसए

माल क्षेत्र में मिड डे मिल पर गैस का संकट

रसोई गैस की दिक्कत माल क्षेत्र के कई विद्यालयों में देखी जा रही है। जिसके कारण बच्चों के मध्यान्ह भोजन पर संकट खड़ा होता दिखाई दे रहा है। कुछ विद्यालयों में लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बनाते हुए देखा गया जबकि अन्य विद्यालयों में रसोई गैस मौजूद था। लखनऊ जिले के ज्यादातर प्राथमिक विद्यालयों में अक्षय पात्र योजना से बना बनाया भोजन पैकेट पहुंचता है, जबकि मॉल क्षेत्र के विद्यालयों में भोजन पकाने की व्यवस्था है।

ये भी पढ़ें :
Israel-Iran War: इजराइल में यूपी के 6004 श्रमिक सुरक्षित, इजराइली दूतावास से संपर्क में राज्य सरकार

संबंधित समाचार