अयोध्या में शिव मंदिर में ध्वजारोहण करेंगे CM योगी : 1000 अतिथियों को आमंत्रण , अग्निशमन का 'हाईटेक कंट्रोल रूम' तैयार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा राम मंदिर में 29 अप्रैल को आयोजित ध्वज आरोहण समारोह में शामिल होने के लिये करीब 1000 अतिथियों को आमंत्रण पत्र भेजा गया है। इसमें लिखी गाइडलाइन के अनुसार समारोह में असलहा व सुरक्षाकर्मियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। अतिथियों को गर्मी से बचाव के लिए गमछा रखने की अपील की गई है। कार्यक्रम स्थल पर अल्पाहार, पानी की सुविधा मिलेगी। वैशाख शुक्ल त्रयोदशी 29 अप्रैल पर शाम पांच बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिव मंदिर पर ध्वज आरोहण किया जाना है। 

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा के अनुसार श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर परिसर के सभी मंदिरों में देवी-देवताओं के विग्रहों की प्राण- प्रतिष्ठा के पश्चात मुख्य मंदिर समेत माता अन्नपूर्णा, सूर्यदेव, हनुमान जी और गणेश मन्दिर के शिखरों पर धर्म ध्वजा का आरोहण हो चुका है। बताया कि 29 अप्रैल को शिव मंदिर पर आयोजित धज आरोहण समारोह में अतिथियों को शाम चार बजे तक समारोह स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। वह रंगमहल आश्रम, अमावां राम मंदिर होते हुए रामगुलेला मंदिर बैरियर व बिरला धर्मशाला के सामने जगदुरु रामानन्दाचार्य द्वार से प्रवेश कर सकते हैं।

अतिथियों के लिए जारी गाइड लाइन

1.निमंत्रण केवल व्यक्तिगत है, अपने साथ किसी अन्य को लाने की अनुमति नहीं है।

2.मोबाइल को प्रवेश द्वार पर ही लॉकर में जमा करना होगा, अपना आधार कार्ड साथ रखना होगा।

3.जूता-चप्पल पहन कर कार्यक्रम में बैठ सकते हैं।

4.असलहों व सुरक्षाकर्मियों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

5.सिख बंधु नियमानुसार साइज की कृपाण अपने साथ रख सकते हैं।

यहां बनाई गई पार्किंग

1.टेढ़ी बाजार चौराहे पर अरुन्धती भवन पार्किंग।

2.टेढ़ी बाजार से गोकुल भवन की ओर भी पार्किंग स्थान।

3. रामपथ पर उदया पब्लिक स्कूल से परिक्रमा मार्ग पर ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा के पास सड़क के दोनों ओर गाड़ी खड़ी कर के पैदल उनवल बैरियर, रामकोट बैरियर होते हुए रंगमहल आश्रम की ओर से प्रवेश दिया जाएगा।

राम मंदिर में अग्निशमन हाईटेक कंट्रोल रूम

धूप और बढ़ती गर्मी को देखते हुए राम मंदिर परिसर में किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन हाईटेक कंट्रोल रूम को स्थापित किया गया है। इसके अलावा परिसर के अन्य क्षेत्र में अत्याधुनिक यंत्रों को भी स्थापित कर अतिरिक्त कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

राम मंदिर ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा के अनुसार अग्निशमन के लिए उत्तर दिशा में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसमें भूमिगत पानी के टैंक और ऑटोमेटिक पंप सिस्टम लगाए गए हैं। आपात स्थिति में स्वचालित स्प्रिंकलर सिस्टम सक्रिय होकर आग पर तुरंत काबू पाने में सक्षम है। अग्निशमन विभाग के अनुसार पूरे परिसर में हाईटेक स्प्रिंकलर, फायर हाइड्रेट और 24 घंटे तैनात फायर टेंडर जैसी व्यवस्थाएं मौजूद हैं। जिससे किसी भी आकस्मिक घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

कहा कि भीषण गर्मी के बीच राम मंदिर में श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र ( पीएफसी ) में बनाए गए दो वातानुकूलित प्रतीक्षालय खोल दिए गए हैं। प्रतीक्षालयों में एक साथ लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। गर्मी से बचाव के लिए श्रद्धालुओं को ओआरएस घोल भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्री के पास मिले 26 कारतूस, दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस में जांच के दौरान हुआ खुलासा

संबंधित समाचार