लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्री के पास मिले 26 कारतूस, दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस में जांच के दौरान हुआ खुलासा
अमृत विचार: अमौसी एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह लखनऊ से नई दिल्ली की उड़ान भरने के पहले इंडिगो एयरलाइंस के फ्लाइट में यात्री के पास से 26 कारतूस बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक बांदा जिले के आलमबाग निवासी संजीव अवस्थी गुरुवार सुबह लखनऊ से नई दिल्ली जाने के लिए अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे।
उनकी इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान (6ई 2146) की उड़ान 9:10 बजे की थी। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान उनके बैग से 26 कारतूस बरामद हुए। जिसमें 0.32 बोर रिवाल्वर के 18 कारतूस और 30.06 एमएम राइफल के 8 कारतूस बरामद हुए।
यात्री के बैग में इतनी संख्या में कारतूस मिलते ही एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। सीआईएसएफ ने यात्री संजीव को हिरासत में ले लिया और बाद में सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं थाने पर संजीव ने दोनों शस्त्रों के लाइसेंस मंगा कर दिखाए। इसके बाद पुलिस ने बरामद कारतूस जब्त कर उन्हें जाने दिया।
पूछताछ में यात्री संजीव ने बताया कि भूलवश बैग में कारतूस चले आए थे। इस मामले से यात्री संजीव की उड़ान छूट गई। वहीं पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें :
जेवर एयरपोर्ट पर उड़ानों को ‘सुरक्षा नियम’ का ब्रेक, CEO नागरिकता बना अड़ंगा, गृह मंत्रालय का सुरक्षा नियम में ढील से इनकार
