लखनऊ में बॉलीवुड-टीवी सितारे करेंगे शिरकत, यूपी इंटरनेशनल फिल्म कॉन्क्लेव का आयोजन 30 मार्च से
लखनऊ,अमृत विचार। द फिल्म सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से आगामी 30 और 31 मार्च को संगीत नाटक अकादमी के संत गाडगे प्रेक्षागृह में यूपी इंटरनेशनल फिल्म कॉन्क्लेव- 2026 का आयोजन किया जाएगा।
फिल्म सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रमेश मिश्रा ने बताया कि यह दो दिवसीय यूपी इंटरनेशनल फिल्म कॉन्क्लेव सिनेमा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक संवाद को समर्पित होगा। जिसमें देश-विदेश के फिल्मकार, निर्देशक, कलाकार, निर्माता और सांस्कृतिक जगत से जुड़े कई प्रमुख लोग भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि कॉन्क्लेव में फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म और डॉक्यूमेंट्री फिल्म जैसी श्रेणियों पर विशेष फोकस रहेगा। कार्यक्रम के दौरान फिल्म स्क्रीनिंग, पैनल चर्चा, नेटवर्किंग सत्र और फिल्म उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों के साथ संवाद जैसे कई महत्वपूर्ण आयोजन किए जाएंगे।
इस वर्ष कॉन्क्लेव में फिल्म और टीवी जगत की कई चर्चित हस्तियां भी शिरकत करेंगी। इनमें अभिनेता राजेश जैस, आदित्य श्रीवास्तव, प्रमोद पाठक, अभिनेत्री मीनाक्षी दीक्षित, अभिनेता ज़ाकिर हुसैन सहित अन्य हस्तियां शामिल होंगी।
फिल्म निर्देशक एवं फिल्म सोसाइटी ऑफ इंडिया के संस्थापक-अध्यक्ष दुर्गेश पाठक ने बताया कि यह कॉन्क्लेव उभरते हुए फिल्मकारों और युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि यह मंच उत्तर प्रदेश में फिल्म और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देगा और राज्य को फिल्म, कला और रचनात्मक उद्योगों के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
