गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं... सीएम योगी ने निर्माणाधिन मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय का किया निरीक्षण, कहा- 31 मई तक हर हाल में पूरा हो निर्माण

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य को 31 मई तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने परिसर में मौलिश्री का पौधा रोपित किया और अकादमिक व प्रशासनिक ब्लॉकों का जायजा लिया। 

मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 31 मई तक हर हाल में विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य पूरा किया जाए। साथ ही परिसर के अंदर सड़कों का निर्माण और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने साफ किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

योगी ने विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि यहां ऐसे पाठ्यक्रम संचालित किए जाएं, जो युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार से भी जोड़ें। उन्होंने कहा कि इसका लाभ खासतौर पर मीरजापुर, सोनभद्र और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को मिलना चाहिए। तृतीय श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति के प्रस्ताव पर भी शासन स्तर से त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 

 

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है और सरकार ने मां विंध्यवासिनी के नाम पर इस विश्वविद्यालय की स्थापना कर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा किया है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि वर्षाकाल में वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाए। 

उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सहभागिता से परिसर और आसपास हरियाली बढ़ाने पर बल दिया। मुख्यमंत्री के आगमन पर कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।  

संबंधित समाचार