बाराबंकी : 'उड़ान' में मिली करियर विकल्पों और संभावनाओं की जानकारी, एडीजे व डीएम-एसपी ने छात्रों को दिए टिप्स

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। राजकीय इण्टर कालेज बाराबंकी के ऑडिटोरियम में मंगलवार को आयोजित जनपद स्तरीय कॅरियर मेला उड़ान का आयोजन हुआ। मेले में माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में करियर विकल्पों और संभावनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई। विद्यालयों द्वारा निर्मित पंख पोर्टल की वर्ष भर की गतिविधियों की झांकी भी स्टाल्स पर प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिला न्यायाधीश श्रीकृष्ण चन्द्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर न्यायाधीश ने विधि एवं न्यायपालिका क्षेत्र में करियर विकल्पों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग और भारतीय प्रशासनिक सेवा में करियर बनाने के टिप्स दिए और इंटरनेट युग में ज्ञान के चयन पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने स्वयं के अनुभव साझा करते हुए सफलता के लिए दृढ़ संकल्प की आवश्यकता बताई और पुलिस सेवा में करियर की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

अपर राज्य परियोजना निदेशक विष्णु कान्त पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी, वित्त एवं लेखाधिकारी संतोष कुमार मौर्य, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा अखिलेन्द्र सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह और डॉ. डी. के. श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों ने कला, चिकित्सा, नर्सिंग, पैरामेडिकल, बैंकिंग, प्राविधिक शिक्षा, उद्योग, पशुपालन और मत्स्य विभाग में करियर विकल्पों की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में पंख पोर्टल की नोडल दीपमाला वर्मा के निर्देशन में छात्राओं ने लघु नाटिका 'परी हूं मैं' प्रस्तुत की। अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इण्टर कालेज के NCC कैडेट्स ने कार्यक्रम व्यवस्था में सहयोग दिया। कार्यक्रम का संचालन आशीष पाठक, नेशनल इण्टर कालेज, फतेहपुर ने किया और सह संयोजक डॉ. पूनम सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री अशोक कुमार त्रिपाठी, राजकीय इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य राधेश्याम, अरविन्द सिंह, भानू प्रताप सिंह, एकनाथ मणि त्रिपाठी, विजय कुमार गुप्ता, राकेश कुमार ठाकुर, डॉ. प्रमोद कुमार, पूनम कन्नौजिया, डॉ. सुविद्या वत्स, इक्बाल फातिमा, रश्मि सिंह, मंजू श्रीवास्तव, अनंत कुमार अस्थाना, तौहीद हसन खान सहित अन्य प्रधानाचार्य और शिक्षक उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार