बाराबंकी : गायों के अवशेष मिलने से इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में घर के बाहर बंधी गायों के जगह जगह अवशेष मिलने से तनाव फैल गया। पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ाई गई है।

जानकारी के अनुसार गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सुल्तानपुर गांव निवासी राकेश कुमार यादव ने सोमवार शाम अपनी दो गायों को घर के सामने बांध दिया था। रात में अज्ञात चोर दोनों गायों को खोलकर ले गए और घर से करीब सौ मीटर दूर उनका वध कर मांस लेकर फरार हो गए।

मंगलवार भोर परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद ग्रामीणों के साथ तलाश शुरू की गई। कुछ दूरी पर रोशन चक मोड़ के पास दोनों गायों के अवशेष अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। यह दृश्य देख ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया गया।पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद विभिन्न हिन्दू संगठनों में भी आक्रोश देखा गया।

पदाधिकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर आंदोलन किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने भी मौके का निरीक्षण किया।

संबंधित समाचार