Bareilly : आज चांद दिखा तो कल मनेगी ईद, जानिए शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाज का वक्त
बरेली, अमृत विचार। ईद-उल-फितर का त्योहार 20 या 21 मार्च को मनाया जाएगा। दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने बताया कि गुरुवार को ईद का चांद देखने की अपील की है। अगर आसमान में चांद नजर आ जाता है या फिर शरई शहादत कहीं से मिलती है तो 20 मार्च को ईद मनाई जाएगी। अगर चांद नहीं नजर आता है तो 20 मार्च को रमजान का आखिरी जुमा मानते हुए जुमा तुल विदा की नमाज अदा की जाएगी और ईद उल फितर का त्योहार 21 मार्च को मनाया जाएगा।
ईद को लेकर सभी जगह पर तैयारी पूरी हो चुकी है। ईदगाह समेत सभी प्रमुख दरगाहों, खानकाहों व मस्जिदों की कमेटी ने ईद की नमाज का समय तय कर दिया है। ईद की मुख्य नमाज बाकरगंज स्थित ईदगाह में सुबह 10.30 बजे अदा की जाएगी। शहर में सबसे पहले बाजार सन्दल खान स्थित दरगाह वली मियां की चांद मस्जिद व साहूकारा की मदीना मस्जिद में सुबह 6 बजकर 40 मिनट पर नमाज अदा की जाएगी।
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि सबसे आखिर में दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में 11 नमाज अदा की जायेगी। सुबह 7 बजे चौकी चौराहा मस्जिद, शाहमतगंज, अखाड़े वाली मस्जिद में नमाज अदा होगी। सुबह 7.30 बजे दरगाह शाह शराफत अली मियां, कांकर टोला की छह मीनार मस्जिद, खन्नू मोहल्ला की अबू बक्र मस्जिद, कटरा मानराय की यतीम खाना मस्जिद में नमाज होगी। 7.45 बजे एजाज नगर की मौला अली मस्जिद में नमाज अदा होगी।
वहीं सुबह 8 बजे सुभाष नगर की साबरी मस्जिद, सूफी टोला की हाजी काले खान मस्जिद में नमाज होगी। सुबह 8.15 शहामतगंज स्थित खानकाहे वामिकिया में नमाज होगी। 8.30 बजे दरगाह बशीर मियां, पीराशाह मस्जिद, जहान खान मस्जिद, गार्डन सिटी मस्जिद, 8.45 बजे कादरी मस्जिद, जखीरे की दुलिया वाली मस्जिद, 9 बजे सैलानी की हबीबिया रजविया मस्जिद,रेलवे जंक्शन की नूरी मस्जिद, मलूकपुर की मुफ्ती ए आजम मस्जिद, कुतुबखाने की सुनहरी मस्जिद, 9.30 बजे किला की जामा मस्जिद, खानकाह ए नियाज़िया, दरगाह शाहदाना वली, गढ़ैया की नूरी मस्जिद में नमाज होगी। 10 बजे बिहारीपुर की बीबी जी मस्जिद, कुतुबखाने चौराहे वाली मस्जिद, 10.30 बजे गुलाब नगर की घोसियान मस्जिद में नमाज होगी। जबकि सुबह 11 बजे सबसे आखिर में दरगाह आला हजरत पर नमाज अदा की जाएगी।
चांद देखने की अपील, हेल्पलाइन नंबर जारी
दरगाह आला हजरत की ओर से गुरुवार को ईद का चांद देखने की अपील की गई है। हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान (फरमान मियां) ने बताया कि काजी ए हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रजा कादरी (असजद मियां) की सरपरस्ती में मुफ्ती अब्दुर्रहीम नश्तर फारूकी, मुफ्ती अफजाल, कारी काजिम रजा आदि की निगरानी में टीम गठित की गई है। उन्होंने बताया कि सुन्नी रूयते हिलाल की तरफ से दरगाह पर चांद दिखने की व्यवस्था की गई है। साथ ही बरेली जिले के अलावा आसपास के जिलों चांद देखने को कहा गया है। कहीं भी अगर चांद नजर आता है तो उलमा व अवाम से अपील की है वो बरेली मरकजी दारूल इफ्ता रूयते हिलाल कमेटी व जमात रजा-ए-मुस्तफा के हेड ऑफिस पर संपर्क करे। ताकि समय से ईद के चांद का एलान किया जा सके।
