Rampur : खाद्य विभाग टीम ने 77 नमूनों की जांच में 21 संदिग्ध मिले
रामपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार खाद्य विभाग का छापामारी अभियान जारी है। बुधवार को खाद्य सचल प्रयोगशाला के माध्यम से विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) एवं अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के निर्देशन में संचालित किया गया।
तहसील टांडा, बस अड्डा रामपुर, शाहबाद गेट, शाहबाद रोड स्थित कृष्णा मंदिर ज्वालानगर क्षेत्र में फास्ट फूड के ठेलों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों, पकौड़ी, तेल, मसाले एवं दालों के विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मौके पर खाद्य सचल प्रयोगशाला द्वारा चटनी, सॉस, मसाले, खाद्य तेल, रंगीन चावल, पकौड़ी तथा दालों सहित कुल 77 खाद्य पदार्थों की जांच की गई। जांच के माध्यम से आमजन को भी खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा खाद्य पदार्थों में रंग (कलर) की मिलावट रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जांच के दौरान 21 नमूनों में प्रथमदृष्टया मिलावट की आशंका पाई गई। इस दौरान संबंधित खाद्य कारोबारियों को संभावित मिलावट के तौर-तरीकों के प्रति सचेत करते हुए उन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। सचल दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामचन्द्र यादव, मनोज कुमार, अशोक कुमार, राहुल शुक्ला, शहाबुद्दीन दोस्त, देवकान्त, धर्मपाल सिंह एवं अज़रा बी मोहम्मद उपस्थित रहे।
