दोहरा हत्याकांड: HPCL के प्रबंधक और उप प्रबंधक की कंपनी के प्लांट पर गोली मारकर हत्या
बदायूं, अमृत विचार। एचपीसीएल का प्लांट गुरुवार को दोहरे हत्याकांड से दहल गया। प्लांट के मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कंपनी के ही एक कर्मचारी पर गोली मारने का आरोप है। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस की टीम जांच में जुटी थी।
मामला दातागंज के गांव सैजनी में मौजूद एचपीसीएल ( हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ) के कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का है। बताया जा रहा है कि कंपनी के ही एक कर्मचारी का प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा से विवाद चल रहा था। कर्मचारी गुरुवार दोपहर प्लांट पर पहुंच गया। यहां उसकी मैनेजर और डिप्टी मैनेजर से कहासुनी हुई। इसी बीच उसने दोनों पर फायरिंग कर दी। जिसमें सुधीर गुप्ता और हर्षित मिश्रा दोनों की मौत हो गई।
शुरुआती जांच में पता चला कि फायरिंग करने वाले आरोपी कर्मचारी का प्रबंधक और उप प्रबंधक के साथ पूर्व में विवाद चल रहा था। उसने कोर्ट में दोनों के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। नौकरी को लेकर कर्मचारी का विवाद था। बता दें कि जिस प्लांट पर ये वारदात हुई उसका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन किया था।
