राशन कार्ड में घपला: बरेली में 72227 व बदायूं में 96349 अपात्र चिह्नित
बरेली, अमृत विचार। सपा के आंवला सांसद नीरज मौर्य की ओर से लोकसभा में पूछे गए प्रश्न के जवाब में राशन व्यवस्था में अपात्र लाभार्थियों का खुलासा हुआ है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत बरेली व बदायूं जनपद में बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थियों की पहचान की गई है, जिनमें से हजारों को सूची से हटाया दिया है। वर्तमान में बरेली में 72227 तो बदायूं में 60233 अपात्र लाभार्थी चिह्नित बताए गए हैं।
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की ओर से सदन में दिए उत्तर में बताया गया कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अंत्योदय अन्न योजना और प्राथमिकता श्रेणी के राशन कार्डधारकों की समीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में फर्जी अथवा अपात्र लाभार्थी चिह्नित किए गए हैं। सांसद नीरज मौर्य ने बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर आदि जिलों में अंत्योदय अन्न योजना, प्राथमिकता श्रेणी के अंतर्गत पंजीकृत राशन कार्डधारक, अपात्र लाभार्थियों और उनके विरुद्ध की गयी कार्रवाई व सार्वजनिक वितरण प्रणाली की निगरानी में जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर सवाल उठाया था।
मंत्री के उत्तर से यह भी सामने आया है कि अकेले बरेली में ही 127725 अपात्र लाभार्थी चिह्नित किए गए थे, जिनमें से 55498 को हटाया गया है। बदायूं में 96349 अपात्र लाभार्थियों की पहचान हुई, जिसमें से 36116 को सूची से बाहर किया गया है। सांसद नीरज मौर्य का कहना है कि यदि बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थी वर्षों तक राशन प्रणाली का लाभ लेते रहे तो यह वितरण व्यवस्था की निगरानी और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कहा कि जरूरतमंद परिवारों तक अनाज पहुंचाने के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली की निगरानी को और मजबूत करना होगा।
स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी स्पष्ट की जानी चाहिए, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके। सांसद ने बताया कि मेरे प्रश्न का मूल बिंदु सार्वजनिक वितरण प्रणाली की निगरानी में सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर था। उत्तर में कहा गया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत जनप्रतिनिधियों की सीधी और औपचारिक भूमिका के संबंध में कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है।
अपात्र लाभार्थियों की कुल संख्या
जनपद चिह्नित लाभार्थी हटाए गए लाभार्थी
बरेली 127725 55498
बदायूं 96349 36116
शाहजहांपुर 55791 21250
कासगंज 42625 27854
जौनपुर 119478 36789
एटा 50207 34492
