Bareilly: फरीदपुर में 13 एकड़ में बनेगी उप मंडी, शासन को भेजा प्रस्ताव
दिग्विजय मिश्र, बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर क्षेत्र व आस-पास के किसानों को अब जिले या कहीं दूर की मंडी में भटकना नहीं पड़ेगा। मंडी प्रशासन ने फरीदपुर में करीब 13 एकड़ जमीन पर नई उप मंडी स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। मंडी प्रशासन ने सरकारी जमीन को चिन्हित कर मंडी का पूरा लेआउट प्लान तैयार कर लिया है। मंडी में बनने वाली दुकानों से सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।
प्रस्ताव के अनुसार नई उप मंडी में किसानों के लिए आधुनिक सुविधाओं के साथ दुकानें, प्लेटफॉर्म, नीलामी स्थल, कोल्ड स्टोरेज समेत गोदाम जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। मंडी प्रशासन का मानना है कि उप मंडी बनने से फरीदपुर और आसपास के गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए शहर की मुख्य मंडी तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों का समय और परिवहन खर्च दोनों बचेंगे।
मौजूदा समय में किसानों को अपनी फसल लेकर शहर की मंडी में कई-कई घंटे तक इंतजार करना पड़ता है और कई बार रात में भी रुकना पड़ता है। नई उप मंडी बनने से किसानों को घर के पास ही अपनी उपज बेचने का बेहतर मंच मिल सकेगा और उन्हें फसलों का उचित मूल्य भी मिलने की उम्मीद है।
मंडी प्रशासन ने जो प्रस्ताव तैयार किया है, उसमें मंडी परिसर के भीतर व्यापारियों के लिए दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इन दुकानों के आवंटन से मंडी समिति को हर साल करोड़ों रुपये के राजस्व की प्राप्ति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। शासन से प्रस्ताव को हरी झंडी मिलते ही फरीदपुर क्षेत्र में कृषि व्यापार को नई गति मिलेगी और स्थानीय किसानों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।
मंडी सचिव संतोष कुमार ने बताया कि फरीदपुर में करीब 13 एकड़ भूमि चिन्हित कर ली है। प्लान तैयार कर शासन को प्रस्ताव भी भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद मंडी के बुनियादी ढांचे का निर्माण कराया जाएगा। जिससे क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर सुविधा मिल सके।
