मौसम का बदला मिजाज कर रहा बच्चों को बीमार: जुकाम-खांसी और बुखार के केस बढ़े, डॉक्टरों से जाने बचाव का तरीका
लखनऊ, अमृत विचार : इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर सबसे ज्यादा बच्चों की सेहत पर पड़ रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही बच्चों को खांसी, जुकाम, वायरल बुखार और पेट संबंधी समस्याओं की चपेट में ला सकती है।
वीरांगना अवंतीबाई महिला चिकित्सालय के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान खान के अनुसार इस समय बच्चों की विशेष देखभाल बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि बच्चों को सादा पानी पिलाना चाहिए और पर्याप्त मात्रा में पानी देना चाहिए, जिससे पाचन क्रिया दुरुस्त रहती है और शरीर के विषैले तत्व बाहर निकल जाते हैं। उन्होंने फिलहाल एसी व कूलर से बचने और बच्चों को फ्रिज का ठंडा पानी, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक तथा बर्फ खाने से परहेज कराने की सलाह दी है।
वहीं भाऊराव देवरस संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष शुक्ला ने बताया कि बच्चों की इम्युनिटी मजबूत रखने के लिए उनके भोजन में हरी सब्जियां, मौसमी फल, जूस, सूखे मेवे और सलाद शामिल करना चाहिए। घर का ताजा बना भोजन जैसे दाल, चावल, रोटी, सब्जी और दही बच्चों के लिए सबसे बेहतर होता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के विकास के लिए हाई-प्रोटीन डाइट जैसे दालें, अंकुरित चना-मूंग, दूध और दूध से बने पदार्थ देना चाहिए। साथ ही जंक फूड, बाहर की चाट-समोसे और अस्वच्छ भोजन से बचाना जरूरी है। बच्चों को खाने से पहले साबुन-पानी से हाथ धोने की आदत भी जरूर डालनी चाहिए, ताकि मौसमी बीमारियों से बचाव किया जा सके।
