STF ने 1.93 करोड़ का गांजा किया बरामद, तस्कर को भी दबोचा

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार :  उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7.75 कुंतल गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.93 करोड़ रुपये आंकी गयी है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से विभिन्न राज्यों से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले शातिर तस्करों के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी के तहत एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों को अभिसूचना संकलन और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। 

जिसके बाद 11 मार्च को एसटीएफ की टीम लखनऊ क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि एक ट्रक में ओडिशा से अवैध गांजा लोड कर रायबरेली होते हुए लखनऊ लाया जा रहा है। यह भी जानकारी मिली कि गांजे की खेप को रायबरेली-लखनऊ रोड से नगराम जाने वाले मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के आगे किसी स्थान पर उतारा जाएगा।

सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टाटा अल्ट्रा डीसीएम ट्रक में बनी गुप्त कैविटी से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद ट्रक चालक कौशल कुमार, निवासी मुरादपुर थाना बिंदकी, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि समरजीत उर्फ सोनू गुप्ता, मयंक कुमार गुप्ता और सैय्यद दावर अलवी का एक गिरोह अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करता है।

समरजीत के कहने पर वह ओडिशा से गांजा लाकर तय स्थान पर पहुंचाता था। ट्रक में विशेष रूप से बनाई गई कैविटी में 7 से 10 कुंतल तक गांजा छिपाया जाता था और ऊपर से स्क्रैप की बोरियां लाद दी जाती थीं ताकि किसी को शक न हो। आरोपी अब तक 6-7 बार गांजे की खेप ला चुका है और उसे प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते थे।

यह भी पढ़ें : राहुल गांधी का PM मोदी पर तीखा हमला, कहा- प्रधानमंत्री घबराए हुए हैं, इसलिए सदन के अंदर नहीं आ पा रहे

संबंधित समाचार