मनरेगा से गांवों में बन रहे अन्नपूर्णा भवन, राशन वितरण होगा आसान
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में राशन वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मनरेगा के तहत अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में सरकारी भूमि पर इन भवनों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।
मनरेगा योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे अन्नपूर्णा भवनों में खाद्यान्न भंडारण की व्यवस्था के साथ उचित दर की दुकान संचालित की जा सकेगी। भवन में एक बड़ा हॉल, प्रतीक्षालय तथा जनसेवा केंद्र के संचालन की भी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश में अब तक 4,811 से अधिक अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कार्य शुरू कराया जा चुका है, जबकि 900 से अधिक भवन बनकर तैयार हो चुके हैं।
अब तक कई स्थानों पर उचित दर की दुकानें संकरी गलियों में संचालित होने के कारण खाद्यान्न वाहन और उपभोक्ताओं को पहुंचने में परेशानी होती थी। ग्राम सभाओं में अन्नपूर्णा भवन बनने से खाद्यान्न वाहन आसानी से पहुंच सकेंगे और आम लोगों को भी राशन प्राप्त करने में सुविधा होगी।
ये भी पढ़ें :
लाइटों-पौधों से सजा ग्रीन कॉरिडोर, पंडाल भी तैयार: लोकार्पण पर झूलेलाल पार्क में आएंगे 10 हजार लोग, रक्षामंत्री-मुख्यमंत्री काटेंगे फीता
