लखनऊ में ‘वन-स्टॉप टेक्सटाइल इकोसिस्टम’ की तैयारी, घटेगी लागत और बढ़ेगा निर्यात, राष्ट्रीय स्तर पर बढ़त का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार लखनऊ में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क को सिर्फ एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि ‘वन-स्टॉप टेक्सटाइल इकोसिस्टम’ के रूप में तैयार कर रही है। इस मॉडल का लक्ष्य उत्पादन लागत कम करना, सप्लाई चेन को तेज बनाना और निर्यात प्रतिस्पर्धा बढ़ाना है, जिससे प्रदेश टेक्सटाइल सेक्टर में राष्ट्रीय स्तर पर नई बढ़त हासिल कर सके।

करीब 1000 एकड़ में विकसित हो रहे इस पार्क में ‘फार्म टू फैशन’ की पूरी वैल्यू चेन एक ही स्थान पर स्थापित की जा रही है। इससे कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पाद तक की प्रक्रिया में समय और लागत दोनों में कमी आएगी। सरकार का मानना है कि बिखरी हुई इकाइयों के बजाय एकीकृत मॉडल से उद्योगों की दक्षता बढ़ेगी और लॉजिस्टिक्स खर्च घटेगा। पार्क में कोर और बाहरी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 990.71 करोड़ रुपये के कार्य तेजी से चल रहे हैं। सड़क, बिजली, जलापूर्ति और लॉजिस्टिक्स को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि निवेशकों को रेडी-टू-यूज औद्योगिक माहौल मिल सके।

यह परियोजना रोजगार के लिहाज से भी बड़ा बदलाव ला सकती है। अनुमान है कि एक पीएम मित्र पार्क में करीब 3 लाख तक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। इससे प्रदेश के युवाओं को स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर अवसर मिलेंगे और पलायन में कमी आएगी। निवेश के मोर्चे पर भी परियोजना तेजी से आकर्षण का केंद्र बन रही है। देशभर के सात पीएम मित्र पार्कों के लिए 63 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश रुचि सामने आ चुकी है, जिसमें लखनऊ का प्रोजेक्ट प्रमुख भूमिका निभा रहा है।

सरकार का फोकस केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि निर्यात-उन्मुख टेक्सटाइल क्लस्टर तैयार करना है। इससे उत्तर प्रदेश को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि यह मॉडल सफल रहा तो यूपी टेक्सटाइल सेक्टर में “लो-कॉस्ट हाई-आउटपुट” राज्य के रूप में उभर सकता है, जो निवेश, रोजगार और निर्यात तीनों मोर्चों पर गेमचेंजर साबित होगा।

पीएम मित्र पार्क

• लखनऊ में 1000 एकड़ में विकसित हो रहा मेगा पार्क

• 990.71 करोड़ से इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य प्रगति पर

• ‘फार्म टू फैशन’ एकीकृत टेक्सटाइल वैल्यू चेन

• उत्पादन लागत कम, लॉजिस्टिक्स तेज

• हर पार्क में 3 लाख तक रोजगार की संभावना

• 63 हजार करोड़ से अधिक निवेश रुचि

• निर्यात बढ़ाने और ग्लोबल प्रतिस्पर्धा पर फोकस

ये भी पढ़ें  :
T20 अयोध्या प्रीमियर लीग : सरयू स्मैशर्स-गोमती थंडर टीम ने जीता लीग मैच 

 

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार