बाराबंकी में गहराया गैस का संकट : ठप होने की कगार पर व्यापार, घंटों लाइन में लगने को मजबूर उपभोक्ता

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

शासन ने जारी किए दिशा निर्देश, बने कंट्रोल रूम

बाराबंकी, अमृत विचार : जिला प्रशासन के दावों व आकंड़ों के विपरीत घरेलू गैस को लेकर समस्या और गहराती जा रही है। कामकाज छोड़कर उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर घंटों लाइन लग रहे, उस पर आफत यह कि सर्वर के ढंग से काम न करने की वजह से बुकिंग व ओटीपी हासिए पर है। एक सिलेंडर के लिए एक नहीं कई दिन बीत रहे।

उधर बाराबंकी में नियम लागू होते ही तमाम होटल, दुकानों पर काम काज ठप होने की कगार पर है तो बड़े प्रतिष्ठान की सेहत पर असर ही नहीं है। यह गैस की कालाबाजारी की ओर इशार कर रहा है। नियम एक कि 25 दिन से पहले दूसरा सिलेंडर नहीं मिलेगा, दूसरा यह कि बिना बुकिंग गैस नहीं मिलेगी ने कालाबाजारी पर एक हद तक रोक तो लगा दी है पर इसका विपरीत असर घरेलू गैस के उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। 

बड़े व नामी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का कारोबार अनवरत जारी है, जिससे साफ है कि दावों के विपरीत गुपचुप सिलेंडर की कालाबाजारी जारी है। दूसरी ओर शहर व ग्रामीण इलाकों के होटल, छोटे बड़े रेस्टारेंट पर काम बंद होने की नौबत आ गई है। कुछ जुगाड़ लगाने की भिड़त में है तो तमाम ने भठ्ठी का सहारा लेने का फैसला किया है। नियम में बंधने से घरेलू गैस की आम पहुंच खत्म हो गई है और वह उपभोक्ता तक ही मुश्किल से सफर कर पा रहा। 

यहां तक कि गैस की किल्लत के चलते मांग बढ़ने से कोयला लकड़ी महंगी हो गई और बाजार में इंडक्शन की खरीद में इजाफा हो गया है। व्यापारी वर्ग गैस की किल्लत से खासा परेशान और निराश है, अब तो कामर्शियल सिलेंडर भी आसानी से नहीं मिल पा रहा। 

इसी क्रम में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की समस्या जस की तस है। गुरुवार को भी जिले भर में गैस एजेंसियों पर तेज धूप में उपभोक्ता लाइन लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे। बहस, गहमागहमी के बीच आनलाइन बुकिंग हो नहीं पा रही, ओटीपी न मिलने से अब सिलेंडर ही नहीं मिल पा रहा। इस अव्यवस्था को लेकर आम उपभोक्ताओं में खासा आक्रोश व्याप्त है।

cats

गैस संकट पर शासन का रुख सख्त 

गैस को लेकर उपजे संकट के बीच शासन के मुख्य सचिव ने सभी जिलों के अफसरों के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार यह स्पष्ट किया जाए कि गैस व ईंधन को लेकर किसी तरह की कोई समस्या नही है। राजस्व, खाद्य एवं रसद विभाग, जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण कर जायजा लें। अफवाहों पर नियंत्रण रखा जाए व जिला मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष स्थापित कर सूचनाओं का आदान प्रदान किया जाए।  

गड़बड़ी की शिकायत पर जांच, मिल गए सिलेंडर

रामसनेहीघाट : रामसनेहीघाट क्षेत्र स्थित राजा एचपी गैस एजेंसी में सिलेंडर वितरण में अनियमितता की शिकायत सामने आने पर प्रशासन हरकत में आ गया। उपभोक्ताओं की शिकायत पर उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह ने जांच के निर्देश दिए। नगर पंचायत के धरौली वार्ड-5 निवासी विजय लक्ष्मी पत्नी हरिश्चंद्र और अमित पुत्र हरिश्चंद्र ने शिकायत में बताया कि उन्होंने 9 मार्च 2026 को ऑनलाइन गैस सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन 10 मार्च को एजेंसी पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उनका सिलेंडर किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया गया है। इस पर दोनों उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। 

एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी और पूर्ति निरीक्षक मनीष श्रीवास्तव ने एजेंसी पहुंचकर जांच की। पता चला कि शिकायतकर्ताओं का ई-केवाईसी पूरा नहीं था, जिसके कारण सिलेंडर नहीं मिल सका। मौके पर ही उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी पूरी करवाकर दो गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिए गए। अधिकारियों ने संचालक को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस उपलब्ध कराई जाए। दोबारा ऐसी शिकायत मिलने पर एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार