अब कैंसर से बचाव की राह हुई आसान... HPV वैक्सीन का कानपुर में हुआ आगाज, डफरिन में सीडीओ ने किया शुभारंभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। कानपुर में बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को डफरिन अस्पताल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दीक्षा जैन द्वारा किया गया। 

इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, एसीएमओ, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अर्बन नोडल आरआई, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर, विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ तथा संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम सहित अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है और समय पर टीकाकरण इस गंभीर बीमारी से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। 

अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। यह टीकाकरण जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर कराया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण का लाभ अवश्य दिलाएं, ताकि उन्हें भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के जोखिम से सुरक्षित रखा जा सके। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 

संबंधित समाचार