काशी में बिना रजिस्ट्रेशन नहीं चलेंगी नावें : पुलिस आयुक्त बोले- 7 दिन के भीतर कराएं पंजीकरण
वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन, मां गंगा की आरती और घाटों की सुंदरता निहारने के लिए प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। अक्सर नाव पर बैठने को लेकर विवाद और पर्यटकों से अतिरिक्त किराया वसूलने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
इन समस्याओं के निवारण और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिये पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। बुधवार को यातायात सभागार में नाविकों के साथ हुई बैठक में पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अब बिना लाइफ जैकेट और बिना रजिस्ट्रेशन के गंगा में कोई भी नाव संचालित नहीं होगी।
अगले सप्ताह तक सभी नावों का पंजीकरण अनिवार्य है। बिना रजिस्ट्रेशन नाव संचालित करते पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक यात्री को नाव में बैठाने से पहले लाइफ जैकेट पहनाना अनिवार्य होगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नाव की निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री बैठाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। क्षमता से अधिक लोग पाए जाने पर नाविक के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने नाविकों को निर्देशित किया कि वे श्रद्धालुओं को 'अतिथि' मानकर उनके साथ शिष्ट व्यवहार करें और निर्धारित दर से अधिक किराया न वसूलें। गहरे पानी वाले क्षेत्रों में केवल निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें।
प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश और अन्य नावों से असुरक्षित दूरी बनाकर नाव चलाने पर रोक रहेगी, ताकि टकराव की संभावना न रहे। उन्होने नाविकों को सचेत किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने वालों पर पुलिस प्रशासन सख्त रुख अपनाएगा।
