सुलतानपुर में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी व्यवस्था बहाल, जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से की यह खास अपील
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में गैस आपूर्ति को लेकर बनी स्थिति के बाद प्रशासन की सख्ती के चलते गैस एजेंसियों ने दोबारा होम डिलीवरी व्यवस्था शुरू कर दी है। प्रशासन के निर्देश पर अब गैस सिलेंडर केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जाएंगे। इससे पहले गैस किल्लत की अफवाहों के बीच एजेंसियों ने बुकिंग के बावजूद होम डिलीवरी बंद कर दी थी, जिसके कारण उपभोक्ताओं को गोदामों पर लंबी कतारों में लगकर सिलेंडर लेना पड़ रहा था।
आपूर्ति विभाग की सख्ती और लगातार निगरानी के बाद एजेंसियां सक्रिय हुईं और कालाबाजारी पर भी अंकुश लगाने की कार्रवाई तेज की गई। अब डिलीवरी के दौरान ओटीपी आधारित सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। शहर स्थित अमेठी गैस एजेंसी के संचालक आसिफ ने बताया कि प्रतिदिन करीब 750 सिलेंडरों की डिलीवरी ओटीपी सत्यापन के साथ की जा रही है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिना गैस प्राप्त किए किसी को भी ओटीपी साझा न करें। प्रशासन ने पैनिक बुकिंग रोकने के लिए नए नियम भी लागू किए हैं। शहरी क्षेत्रों में एक सिलेंडर के बाद अगली बुकिंग 25 दिन बाद, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही की जा सकेगी। साथ ही, बुकिंग प्रक्रिया को डिजिटल माध्यमों व्हाट्सऐप, एचपी ऐप और आईवीआरएस-के जरिए करने पर जोर दिया गया है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों के गोदामों पर भीड़ न लगाएं, क्योंकि अब घर-घर डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।
