IPL 2026 की शुरुआत से पहले BCCI का बड़ा ऐलान, जारी किया दो टी20 मैचों का शेड्यूल, SKY की कप्तानी में बेलफास्ट में होगी भिड़ंत
नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 में लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली टीम इंडिया अब नए सफर की ओर बढ़ रही है। बीसीसीआई ने शनिवार को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का शेड्यूल घोषित कर दिया है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम जून में आयरलैंड दौरे पर जाएगी, जहां दोनों मुकाबले बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब (स्टॉर्मोंट ग्राउंड) में खेले जाएंगे।
यह सीरीज IPL 2026 के ठीक बाद शुरू होगी, जो 28 मार्च से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर मैच के साथ शुरू हो रही है। आयरलैंड दौरे के बाद टीम इंडिया इंग्लैंड रवाना होगी, जहां 1 जुलाई से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।
भारत vs आयरलैंड टी20 सीरीज का पूरा शेड्यूल
- पहला टी20: 26 जून 2026 (शुक्रवार) – शाम 7:30 बजे IST से शुरू, बेलफास्ट (स्थानीय समय 3:00 PM)
- दूसरा टी20: 28 जून 2026 (रविवार) – शाम 7:30 बजे IST से शुरू, बेलफास्ट (स्थानीय समय 3:00 PM)
यह भारत का इस मैदान पर टी20 फॉर्मेट में पहला मैच होगा। आखिरी बार भारतीय टीम ने यहां 2007 में वनडे मैच खेला था। बेलफास्ट में भारत की वापसी 19 साल बाद हो रही है।
व्यस्त कार्यक्रम और हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
28 जून को आयरलैंड के खिलाफ आखिरी मैच के बाद टीम इंडिया इंग्लैंड पहुंचेगी, जहां 1 जुलाई से 11 जुलाई तक पांच टी20 मैच खेले जाएंगे (आखिरी मैच द एजेस बाउल में)। यानी महज 13-15 दिनों में टीम 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी – यह खिलाड़ियों के लिए बड़ा टेस्ट होगा।
टी20 इंटरनेशनल में भारत का आयरलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार है। अब तक 8 मैचों में भारत ने सभी जीते हैं (100% जीत), जिसमें से 6 मैच आयरलैंड की सरजमीं पर खेले गए।
टी20 विश्व कप 2026 में अहमदाबाद के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने घरेलू मैदान पर पहली बार यह खिताब जीता और लगातार दो विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में यह जीत ऐतिहासिक रही। अब यह सीरीज विश्व कप विजेताओं के लिए इंग्लैंड दौरे से पहले तैयारी का अच्छा मौका होगी।
