वाराणसी : काशी के घाट पर बड़ी नाव लगाने से मना करने पर नाविकों ने मैनेजर को पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में गंगा घाटों पर नावों से सवारी कराने और घाट पर नाव खड़ी करने को लेकर अक्सर विवाद की खबरें सामने आती रहती हैं। शनिवार शाम को भी नमो घाट पर आरती स्थल के सामने बड़ी नाव (बजड़ा) लगाने को लेकर हुए विवाद में नाविकों ने घाट के मैनेजर मनीष कुमार सिंह को पीट दिया। 

पीड़ित ने आदमपुर थाने में दो नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। नमो घाट (फेज-3) पर प्रशासन द्वारा नियमित गंगा आरती आयोजित की जाती है। आरती स्थल के ठीक सामने जेटी बनाई गई है। आरती शुरू होने से पहले दो बड़ी नावें लगाकर नाविकों ने सवारियों को उतारना शुरू कर दिया। 

इस पर घाट मैनेजर मनीष कुमार सिंह ने आपत्ति जताई और कहा कि आरती से पहले नावों को वहाँ लगाने से आरती के समय व्यवधान होता है तथा सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। इस बात से नाविक आक्रोशित हो उठे। उन्होंने फोन पर अन्य साथियों को बुला लिया और मैनेजर के साथ मारपीट शुरू कर दी। 

काशी में इस तरह की घटनाएँ बार-बार होने से शहर की छवि धूमिल हो रही है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु गंगा आरती में शामिल होने के लिए घाटों पर पहुँचते हैं। आदमपुर पुलिस के अनुसार, नाविकों एवं नाव मालिक अभिषेक साहनी, दीपक साहनी समेत कई अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार