जेवर एयरपोर्ट लोकार्पण : CM योगी ने लिया जायजा, पीएम मोदी करेंगे कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण व एमआरओ का शिलान्यास

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ/गौतमबुद्धनगर, अमृत विचार: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यक्रम को भव्य व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे, साथ ही मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (एमआरओ) परियोजना का शिलान्यास भी करेंगे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के संभावित भ्रमण मार्ग, पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, हेलीपैड, पार्किंग और रैली स्थल का अवलोकन कर तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समयसीमा के भीतर और तय मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों और आमजन की उपस्थिति को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुचारू और प्रभावी हों। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, निर्बाध बिजली, साइनेज, परिवहन, चिकित्सा और अग्नि सुरक्षा की व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और ब्रांडिंग पर भी जोर दिया, ताकि इसे वैश्विक स्तर का आयोजन बनाया जा सके।

साथ ही विभिन्न जनपदों से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस को चार स्तरीय सुरक्षा घेरा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक प्रबंधन और वैकल्पिक मार्गों की विस्तृत योजना भी प्रस्तुत की गई। बैठक में कई जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

तैयारियों के प्रमुख बिंदु

• चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू
• ट्रैफिक और पार्किंग के लिए विशेष प्लान
• पेयजल, शौचालय व चिकित्सा सुविधाओं पर जोर
• कार्यक्रम की ब्रांडिंग और व्यापक प्रचार-प्रसार

ये भी पढ़ें  :
रामनवमी पर अयोध्या में उत्सव, सभी मंदिरों में होंगे ध्वजारोहण, मंदिर आंदोलन से जुड़े कई बड़े चेहरों को निमंत्रण

 

संबंधित समाचार