मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद पुलिस मुख्यालय में खलबली: आपत्तिजनक प्रश्न लिखने वाले को ट्रेस करने पर तैयारी
लखनऊ, अमृत विचार: एसआई भर्ती परीक्षा में पूछे गए पंडित प्रश्न को लेकर मुख्यमंत्री ने तल्ख तेवर अपनाए हैं तो पुलिस विभाग में खलबली का आलम है। इसे लेकर सोमवार को प्रदेश मुख्यालय में डीजीपी राजीव कृष्ण और पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर के बीच बैठक हुई। समझा जा रहा है कि इस दौरान पेपर सेट करते समय पंडित सवाल लिखने वाले पेपर सेटर को चिन्हित करने पर विचार किया गया। साथ ही बोर्ड अध्यक्ष द्वारा भर्ती कुशलता से संपन्न होने की रिपोर्ट भी सौंपी गई।
दरअसल यूपी पुलिस के एसआई पद के लिए 14 और 15 मार्च को प्रदेश के सभी 75 जिलों में परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान 14 मार्च के पेपर में विकल्प के तौर पर पंडित को लेकर आपत्तिजनक सवाल पूछा गया था। इसे लेकर खासा विवाद हो रहा है। उधर इस मामले में डिप्टी सीएम के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गहरी नाराजगी व्यक्त की है। साथ ही पूरे मामले की जांच कर इस मामले में दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
चर्चा है कि परीक्षा संपन्न होने के बाद सोमवार को भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष और डीजीपी ने बैठक की। सूत्रों का दावा है कि बैठक में पेपर में हुई गलती पर चर्चा हुई। इस दौरान फर्जी पेपर वायरल कर ठगने वाले युवकों की गिरफ्तारी पर भी एसटीएफ को शाबाशी दी गई। हालांकि बैठक के बारे में अधिकृत तौर कोई भी अधिकारी मुंह खोलने के तैयार नहीं है। इस मामले में जानकारी करने के लिए भर्ती बोर्ड अध्यक्ष के सीयूजी नंबर पर काल की गई, लेकिन रिसीव नहीं हुआ।
