31 मार्च तक फसलों का नुकसान सर्वे करो पूरा, वरना होगी सख्त कार्रवाई! कृषि मंत्री का बीमा कंपनियों को अल्टीमेटम
लखनऊ, अमृत विचार: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश, आंधी और प्रतिकूल मौसम से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बीमा कंपनियों को कड़े निर्देश दिए कि वे आगामी 31 मार्च तक प्रभावित जिलों में मौके पर जाकर सर्वे का कार्य हर हाल में पूरा कर लें। इस मामले में ढिलाई बरतने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री ने मंगलवार को विधान भवन स्थित अपने कार्यालय में बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने बताया कि अप्रैल के पहले सप्ताह में बीमा कंपनियों द्वारा किए गए सर्वे की समीक्षा की जाएगी, जिससे वास्तविक क्षति का आंकलन कर पीड़ित किसानों को राहत पहुंचाई जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अभी तक प्रदेश के 67.52 लाख किसानों को 5,660.33 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति प्रदान की जा चुकी है। खरीफ 2025 में 20.68 लाख किसानों का बीमा किया गया है, जिसके तहत 5.39 लाख किसानों को 532.17 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति वितरित की गई है। इसी प्रकार रबी 2025-26 के लिए अब तक 18.78 लाख किसानों का बीमा किया जा चुका हैं। इस दौरान कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी, एमडी बीज निगम टीएम त्रिपाठी, निदेशक सांख्यिकी सुमिता सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
